प्रशिक्षणार्थी उप जिलाध्यक्षों ने विधान सभा का भ्रमण किया
माननीय विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दिया मार्गदर्शन
भोपाल, 31 जुलाई। आर सी वी पी प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी भोपाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे उप जिलाध्यक्षों ने गुरुवार को मध्यप्रदेश विधान सभा का भ्रमण किया और विधानसभा की कार्यवाही देखी। इस अवसर पर माननीय विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उप जिलाध्यक्षों से भेंट की और उनका मार्गदर्शन किया।
श्री तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में आपकी प्राथमिकता काम का समय पर निराकरण होना चाहिए। उप जिलाध्यक्षों को अपने शुरुआती करियर में चुनौतीपूर्ण और फील्ड के काम को प्राथमिकता देना चाहिए।
श्री तोमर ने कहा कि आप लोगों के पास आम जनता, गरीब, किसान अपनी समस्याओं को ले कर आयेंगे, आप की प्राथमिकता उनका निराकरण होना चाहिए। श्री तोमर ने उप जिलाध्यक्षों से जनता से जुड़ कर और वहां से फीडबैक लेने पर भी बल दिया। उन्होंने अधिक से अधिक अध्ययन पर भी जोर दिया।