मध्यप्रदेश विधान सभा पूर्व विधायक मण्डल द्वारा डॉ. सिंह का प्रशस्ति-पत्र के साथ सम्मान
आज मध्यप्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का पूर्व विधायक मण्डल द्वारा प्रशस्ति-पत्र के साथ आत्मीय सम्मान किया गया। पूर्व विधायक मण्डल के अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री जसवंत सिंह, उपाध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री भगवान सिंह यादव, महामंत्री श्री प्रेमनारायण मिश्रा द्वारा अन्य अधिकारियों / कर्मचारियों की उपस्थिति में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में शॉल-श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र वाचन के साथ प्रमुख सचिव, विधान सभा डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने उल्लेख किया कि सेवानिवृत्त हो रहे डॉ. सिंह का विधायी सेवा में उत्कृष्ट योगदान रहा तथा मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी गहन प्रतिबद्धता रही, जिससे हमारे प्रदेश की विधान सभा का मान बढ़ा। डॉ. सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए लोक सभा अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री की उपस्थिति में वर्ष 2020-21 में संसदीय उत्कृष्ट सेवा सम्मान सहित कुशल प्रशासनिक सेवा सम्मान, सिविल सेवा के लिए अशोक अवार्ड, बुंदेली रत्न सम्मान, कर्मयोगी प्रशासक जैसे अनेक विशिष्ट सम्मान प्राप्त हुए। साथ ही डॉ. सिंह द्वारा विधायकों के उपयोग हेतु रचित पुस्तक 'विधानमण्डल पद्धति एवं प्रक्रिया' संसदीय प्रणाली को समझने हेतु एक महत्वपूर्ण दस्तावेज मानी जाती है। डॉ. सिंह ने वर्तमान विधायकों के साथ पूर्व विधायकों के हित में अनेक अनुकरणीय पहल की है।
इस अवसर पर डॉ. सिंह का विधान सभा सचिव सहित बड़ी संख्या में उपस्थित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा भी सम्मान किया गया। अंत में डॉ. सिंह ने सम्मान हेतु सभी के प्रति आत्मीय आभार व्यक्त किया। (29/09/2025)