विधान सभा सचिवालय
मध्य प्रदेश
समाचार
विधान सभा में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम संपन्न
हमारे जीवंत संविधान द्वारा देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त -प्रमुख सचिव, विधानसभा
भोपाल, दिनांक 26 जनवरी, 2025
आज मध्यप्रदेश विधान सभा प्रांगण में उत्साहपूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया। श्री अवधेश प्रताप सिंह, प्रमुख सचिव विधान सभा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली गई।
प्रमुख सचिव श्री सिंह ने शहीदों को नमन कर गणतंत्र दिवस की देश प्रदेश वासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे विशाल लोकतांत्रिक गणराज्य है और आज हम 76वाँ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। आज ही के दिन वर्ष 1950 में हमारा संविधान लागू हुआ। इस तरह यह संविधान और गणतंत्र का अमृत काल है। हमारा संविधान जीवंत है जिसने सतत देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। इसमें जहां हमारे जीवन मूल्य समाहित हैं वहीं शासन प्रणाली के अंगों के साथ नागरिकों के लिए अधिकार और कर्तव्य भी समाहित किये गये हैं। हमारा दायित्व है कि हम संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए अपने अधिकारों और कर्तव्यों का रचनात्मक उपयोग कर देश व प्रदेश की उन्नति में योगदान दें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन, पूर्व मंत्री व अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।