दीनदयाल जी और मोदी जी के सपनों का पूरा करेगा जन विश्वास अभियान
रीवा में जन विश्वास अभियान में शामिल हुए विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर
भोपाल, 18 सितंबर, 2026
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जन विश्वास अभियान संचालित हो रहा है। मैंने इसका क्रियान्वयन चार्ट देखा है और जनता जनार्दन की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन की तत्परता देखी है। इसी आधार पर कह सकता हूं कि यह अभियान पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के संदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प को पूरा करने में अवश्य सफल होगा। बीजेपी सरकार जनता की समस्याओं को दूर करने में प्राणप्रण से जुटी है और जब तक एक भी समस्या बची है, हमें चैन से नहीं बैठना है।
मध्यप्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह बात रीवा के टाउन हॉल में नगर पालिक निगम, रीवा द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम कही। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्रा सहित प्रमुख जन प्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से सुशासन, जनसेवा और नागरिकों के विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य व संवाद किए जा रहे हैं। रीवा में आयोजित जन विश्वास अभियान में पहुंचे विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने बीजेपी सरकार में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय जब वे पार्टी के कार्यक्रमों में रीवा आते तब रीवा छोटा दिखाई देता था। यहां संभागीय मुख्यालय तो था लेकिन यह तहसील जैसा प्रतीत होता था। जब से जनता से श्री राजेंद्र शुक्ला जैसे विधायक और श्री जनार्दन मिश्रा जैसे सांसद को जितवाया है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से रीवा की तकदीर भी बदली है और तस्वीर भी बदली है। विधायक तथा उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला और सांसद जनार्दन मिश्रा जैसे जनप्रतिनिधि होना सौभाग्य की बात है। इन दोनों ने रीवा क्षेत्र के विकास के लिए पूरे सामर्थ्य से कार्य किया है।
श्री तोमर ने कहा कि हम सब यह जानते हैं कि बहुत अच्छी सड़क या बहुत अच्छे भवन से ही शहर की सुंदरता नहीं होती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति सुख-चैन और खुशहाली महसूस न करें तब तक हमारा कार्य पूर्ण नहीं होगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के इस संदेश को पूरा करने तथा प्रधानमंत्री मोदी जी के विकसित भारत का संकल्प पूरा करने की दिशा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान काफी सहायक सिद्ध होगा।
प्रधानमंत्री मोदी जी के सपनों और कार्यप्रणाली का उल्लेख करते हुए श्री तोमर ने कहा कि यूं तो मोदीजी बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी है लेकिन देश में सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की पहुंच हो, सबको सम्मान रूप से न्याय मिले, सबको समान रूप से अधिकार मिले और सब नागरिक अपने कर्तव्य को समझें इस दिशा में मोदी जी ने सर्वांगीण प्रयास किए हैं। देश के अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए कड़वे निर्णय लेने की भी आवश्यकता पड़ी तो मोदी जी ने संकोच नहीं किया। न वे किसी वैश्विक मंच पर झुके न ही अपनी यात्रा रोकी। इन्हीं प्रयत्नों का परिणाम है कि आज दुनिया में सबसे अधिक 7.8 प्रतिशत जीडीपी हिंदुस्तान की। हालांकि जब भी देश को कोई उपलब्धि हासिल होती है तो देश में एक तबका ऐसा भी है जिसके पेट में दर्द होता है। ये तबका वह है जो हिंदुस्तान की प्रगति को देखना पसंद नहीं करता है।
श्री तोमर ने कहा कि एक समय था जब भारत विश्व गुरु था। अब प्रधानमंत्री मोदीजी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य के लिए नागरिकों, सरकारों और प्रशासन को काम करना है। सब मिलकर प्रयास करेंगे तो कोई भी बाधा हमारा रास्ता नहीं रोक पाएगी।


