विधान सभा सचिवालय

मध्यप्रदेश

समाचार

 

राष्ट्रपतीय निर्वाचन,2022

मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 विधायकों ने किया मतदान

 

                                                                                      भोपाल दिनांक, 18 जुलाई 2022

 

राष्ट्रपतीय निर्वाचन, 2022 के लिए विधानसभा भोपाल में मतदान कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सबसे पहला मत विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मतपेटी  में डाला । 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा के पात्र सभी सदस्यों ने मतदान में भाग लिया।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज सुबह 10:00 बजे से मतदान आरंभ हुआ। इस चुनाव के लिए विधानसभा भवन के समिति कक्ष क्रमांक - 2 को मतदान केंद्र बनाया गया।

राष्ट्रपति निर्वाचन के लिए मतदान आरंभ होने के पहले घंटे तक 60, दूसरे घंटे तक 196 एवं तीसरे घंटे तक 230  विधायकों ने मतदान किया। अंतिम मत अपराह्न 3:25 बजे विधायक श्री प्रताप ग्रेवाल ने डाल कर अपने मताधिकार का उपयोग किया।

मध्य प्रदेश में इस चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री सत्येंद्र सिंह, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजेश कौल, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रमोद शुक्ला व अन्य अधिकारी भी मतदान के दौरान उपस्थित रहे ।इसके साथ ही राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के प्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी की तरफ से श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, श्री शैलेंद्र जैन तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की तरफ से श्री बाला बच्चन एवं श्री पी सी शर्मा मौजूद रहे ।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारी और राज्य विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अवधेश प्रताप सिंह पूरे सुरक्षा इंतजाम के साथ सीलबंद मतपेटी  लेकर आज नियमित उड़ान से नई दिल्ली जाएंगे, जहां संसद भवन में 21 जुलाई को मतगणना होगी।

 

वि.स./ज.स./22                                                                                    नरेंद्र मिश्रा

 

                                                                                                        अवर सचिव