विधान सभा सचिवालय

मध्यप्रदेश

समाचार

 

ग्वालियर जिले में उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास व धूमधाम से मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का भी हुआ सीधा प्रसारण

 

 

                                                                                              ग्वालियर/भोपाल 15 अगस्त 2026

ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर आयोजित हुए जिले के मुख्य एवं भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी हुआ। एसएएफ मैदान पर लगी बड़ी-बड़ी एलईडी के माध्यम से अतिथियों सहित बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं सुरक्षा बल के जवानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदबोधन सुना। साथ ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम देखा।

प्रात: ठीक 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम्का गायन हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री तोमर ने एक खुले वाहन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान व पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर "स्वतंत्रता दिवस अमर रहे" और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण हुआ। इसी क्रम में विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने बधाई संदेश एवं ग्वालियर जिले की उपलब्धियों पर केन्द्रित संदेश का वाचन किया।

विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा मनोहारी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हर घर तिरंगाअभियान की वजह से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस बार अलग ही छटा बिखरी। मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में बहुत बड़ी संख्या में शहरवासी स्वतंत्रता का उत्सव मनाने पहुँचे।

मुख्य समारोह में संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, एस.ए.एफ. द्वितीय वाहिनी, एसएएफ 13वी वाहिनी, एसएएफ 14वी वाहिनी, जिला पुलिस बल, जिला महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर पुरुष एवं महिला, एनसीसी जूनियर पुरुष व महिला, स्काउट, गाईड, शौर्या दल, नगर रक्षा समिति, बीएसएफ बैंड व दूसरी वाहिनी एसएएफ बैंड की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुश्री वार्ष्णेय व टूआईसी की भूमिका सूबेदार श्रीमती सोनम पाराशर ने निभाई । मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने सभी टुकड़ियों के परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर समाज कल्याण व खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली विभूतियों एवं ग्राम पंचायतों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों के कर्तव्यनिष्ठ शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य समारोह में सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन सहित जन्म प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

स्कूली बच्चों के साथ विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में भी शामिल हुए। उन्होंने बेटी बचाओ तिराहा के समीप तिलकनगर कम्पू स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिन्दी विद्यापीठ स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद लिया। मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए सुरूचिपूर्ण भोज में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह एवं जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्कूली बालिकायें शामिल हुईं।

 

विस/जसं/26

.