विधान सभा सचिवालय

मध्यप्रदेश

समाचार

 

विधान सभाओं की समिति प्रणाली की समीक्षा हेतु सात राज्यों के पीठासीन अधिकारियों की बैठक

विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक की तैयारियों का जायजा लिया

 

 

                                                                                                भोपाल, दिनांक 13 जुलाई 2025 

देश की विधान सभाओं में गठित होने वाली समितियों की प्रणाली की समीक्षा हेतु मध्यप्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष माननीय श्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में सात राज्यों के विधान सभा अध्यक्षों की एक समिति गठित की गई थी। यह समिति राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले पीठासीन सम्मेलन में गठित की गई थी। इस समिति की प्रथम बैठक दिनांक 14.7.2025, सोमवार  को मध्‍यप्रदेश विधान सभा सचिवालय भवन में आयोजित की जा रही है। इस महत्‍वपूर्ण  बैठक की अध्‍यक्षता मध्‍यप्रदेश विधान सभा के अध्‍यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे एवं बैठक में उत्तरप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री सतीश महाना, राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष  माननीय श्री वासुदेव देवनानी, हिमाचल विधान सभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया, सिक्किम विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री मिंगमा नोरबू शेरपा, ओडिशा विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्रीमति सुरमा पाढ़ी एवं पश्चिम बंगाल विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री बिमान बनर्जी भाग लेंगे। बैठक में विधान मंडलों में  समिति प्रणाली की समीक्षा की जाएगी एवं उन्‍हें सुदृढ़ बनाने पर विचार मंथन होगा।

     रविवार को इस संबंध में विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि विधान सभा की समितियों की प्रणाली की समीक्षा हेतु यह पहली बैठक आयोजित की जा रही है। इसी को आधार बनाकर नई व्यवस्था देशभर के राज्यों में लागू करने हेतु बैठक के मिनट्स लोक सभा में प्रस्तुत किये जाएंगे।

      निरीक्षण के अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री ए. पी. सिंह, सचिव श्री अरविन्द शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

 

 

विस/जसं/25

                                                                                                                  नरेंद्र मिश्रा 

                                                                                                                 अवर सचिव