विधान सभा सचिवालय

मध्य प्रदेश

समाचार

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की

उत्तर प्रदेश विधान सभा का अवलोकन कर स्पीकर से भी की सौजन्य भेंट

 

                                                                                                        भोपाल, 29 दिसंबर, 2023 

मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को लखनऊ प्रवास के दौरान उत्तरप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने श्री तोमर को विधानसभा के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई भी दी। श्री तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को मध्यप्रदेश के एक जिला एक उत्पाद ( ओडीओपी) के तहत निर्मित उत्पाद भी भेंट किए। श्री तोमर ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री को अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के मंदिर निर्माण पूर्ण होने एवं 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किए जाने की भी बधाई दी। 

प्रवास के दौरान श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री सतीश महाना से भी सौजन्य भेंट की एवं उत्तरप्रदेश विधानसभा का अवलोकन किया। सर्व प्रथम श्री तोमर का श्री सतीश महाना द्वारा सम्मान किया गया एवं उत्तर प्रदेश विधान सभा सदस्यों के लिए लागू की गई ई-विधान परियोजना तथा तकनीक का उपयोग कर किये गए कार्यों के संबंध में चर्चा कर जानकारी से अवगत कराया गया। 

इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री ए पी सिंह भी माननीय अध्यक्ष के साथ थे।