विधान सभा सचिवालय

मध्य प्रदेश

समाचार

 

*विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री ए. पी. सिंह ने किया ध्वजारोहण*

 

                                                                                                 भोपाल, दिनांक 15 अगस्त,2023

 

मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री ए.पी. सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज विधानसभा भवन प्रांगण में प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण किया । इस अवसर पर विधानसभा सुरक्षा बल एवं विशेष सशस्त्र बल की टुकड़ियों द्वारा मार्च- पास्ट भी किया गया।

 परेड के अवलोकन के बाद प्रमुख सचिव श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि हमारा देश आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इसी अवसर पर हम सभी यहां एकत्रित हुए हैं। श्री सिंह ने सभी को शुभकामनाएं  दीं तथा कहा कि हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीदों ने जो त्याग और बलिदान दिया उनको हम नमन करते हैं । 

श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि आज हमने जो तिरंगा झंडा फहराया है इसके तीनों रंग ही हमारे जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। तिरंगे में जो पहला रंग केसरिया है वह पराक्रम और शौर्य का प्रतीक है। सीमा पर हमारी सेनाएं इसका उपयोग करती हैं साथ ही हमारे देश के नागरिक भी समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए इस रंग का उपयोग करते हैं ।दूसरा रंग जो सफेद है वह स्वच्छता और शुद्धता का प्रतीक है जो हम अपने कर्तव्य पालन में और अपने अधिकारों के लिए उपयोग करते हैं तथा जनकल्याण की भावनाओं में उसका उपयोग कर रहे हैं, और जो तीसरा रंग हरा है वह हमारी प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है । आज हमारा देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हरा रंग पर्यावरण का भी प्रतीक है हम सभी को पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए।  इस तरह तिरंगे के ये तीनों रंग ही हमारे जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं,हमारा दायित्व है  कि हम अपने आदर्श मूल्यों का संरक्षण करें।

इस अवसर पर विधानसभा के सचिव श्री शिशिरकांत चौबे, अपर सचिव सर्वश्री , श्री बी डी सिंह, श्री वीरेंद्र कुमार सहित सचिवालय के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

 

 जसं/विस/23                                                                                                     (नरेंद्र मिश्रा)

                                                                                                                          अवर सचिव