विधान सभा सचिवालय
मध्यप्रदेश
समाचार
विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पाने में विधायिका की भूमिका अहम: श्री तोमर
भोपाल/दिनांक 9 जून 2026
विकसित भारत 2047 का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राजनीतिक दृढ़ता और प्रतिबद्धता आवश्यक है। सरकारें और विधान सभाएं भी अपनी अपनी अपनी तरह से तैयारी कर रहे हैं। जनता की मानसिक रूप से तैयारी करवाना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि जन जागरूकता होगी तो हम आधी लड़ाई वैसे ही जीत जाएंगे। इस कार्य मे विधायक और विधायिका की भूमिका महत्वपूर्ण है क्योंकि विधायक वास्तव में जनता और सरकार के बीच में सेतु है। अब अगर विधायक जागरूक हो कर कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से जनता को भी जागरूक बनाने की दिशा में हम महत्वपूर्ण पहल कर पाएंगे। विधायकों की सक्रिय भागीदारी से हम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अच्छे परिणाम पाने में सफल होंगे।
यह बात मध्यप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कही। वे हरियाणा विधान सभा में आयोजित कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) भारत क्षेत्र के ज़ोन-II सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला, राज्यसभा उपसभापति श्री हरिवंश, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण सहित विभिन्न प्रदेशों की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के जोन-2 सम्मेलन में "विकसित भारत – 2047: जागरूक समाज और विधायकों की भूमिका" विषय की रूपरेखा रख कर मध्यप्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सत्र का संचालन सूत्र थामा। विषय की रूपरेखा रखते हुए श्री तोमर ने कहा कि जब विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पाने की जिम्मेदारी की बात होती है तो हमको दूर तक सोच रखने की आवश्यकता है। अपनी सोच और दृष्टि उन कोनों तक ले जाने की जरूरत है जिन कोनों में अभी अभाव दिखाई दे रहा है। जिन कोनों पर काम करने की आवश्यकता है। हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इस लोकतंत्र की मजबूती और जवाबदेही की जब बात आती है तब चिंता होने लगती है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पाने के लिए राजनीतिक दृढ़ता और प्रतिबद्धता तो आवश्यक है ही, आर्थिक दृष्टि से समृद्ध होना भी आवश्यक है। इसके साथ ही सामाजिक और नागरिक जागरूकता जरूरी है। हमारा देश कृषि प्रधान देश है। जनसंख्या प्रधान देश है। जनसंख्या हमारी ताकत है। उसमें भी हमारा यह सौभाग्य है कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। युवाओं की जो ताकत आज हमारे पास है, इस ताकत का संयोजन कैसे करना, इसका उपयोग कैसे करना तथा इस ताकत को दिशा कैसे देना और इसको कर्तव्यों की दृष्टि से अधिक जागरूक और सक्षम कैसे बनाना इस पर विधायक और विधायिका का योगदान महत्वपूर्ण रहने है। विधायक एक ऐसी पदवी है जो जनता और सरकार के बीच में सेतु का काम करती है। अगर विधायक जागरूक होंगे, अपने कर्तव्य का ठीक प्रकार से पालन करेंगे तो निश्चित रूप से जनता को भी जागरूक बनाने की दिशा में हम महत्वपूर्ण पहल कर पाएंगे।
इससे पहले सोमवार को हरियाणा विधान सभा में लोकतंत्र दीर्घा का उद्घाटन किया गया। श्री तोमर ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ हरियाणा विधान सभा की पुस्तकालय व्यवस्था का अवलोकन किया। चंडीगढ़ पहुँचे श्री तोमर ने पंजाब समाज के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
विस/ जसं/26
महावीर सिंह
सूचना अधिकारी










