विधान सभा सचिवालय

मध्य प्रदेश

समाचार

 

खेल का अनुशासन हर क्षेत्र में लाने से बनेगा श्रेष्ठ भारतः श्री तोमर

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया

 

                                                                                                           भोपाल, 2 जनवरी 2024

मध्यप्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को राजधानी के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पर आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री तोमर ने कहा कि खेल में अनुशासन का बहुत महत्व है, यही अनुशासन यदि हर क्षेत्र में हो तो हमारा भारत बहुत जल्दी श्रेष्ठ भारत बन सकता है। 

श्री तोमर ने कहा कि वैसे तो व्यक्ति के जीवन में शिक्षा का बड़ा महत्व है, लेकिन शिक्षा के साथ−साथ खेल का भी महत्व है। मुझे प्रसन्नता है कि रवींद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ ही खेल, संस्कृति, तकनीकि, कौशल विकास के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है। खेल सामान्य तौर पर शारीरिक व्यायाम तक ही सीमित नहीं है, यह अनुशासन एवं जीवन जीने की कला के भी जरूरी है। यदि किसी प्रतियोगिता में खिलाड़ी अनुशासन का प्रदर्शन न करें तो वह प्रतियोगिता पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकती है। खेल के मैदान में प्रतिस्पर्धा को सफल बनाने के लिए जब हम मैदान में हैं तो हमारी प्रमुख भूमिका अनुशासन की है। यही अनुशासन खिलाड़ी को सफलता दिलाता है और उसे गौरव की अनुभूति भी कराता है। 

श्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश की सरकार ने खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पिछले दिनों में खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। बेहतर खेल सुविधाओं, सरकार की नीतियों एवं खिलाड़ियों के अभूतपूर्व प्रदर्शन के कारण आलंपिक से लेकर सभी मंचों पर भारत का गौरव बढ़ा है। 

इस अवसर पर स्कोप ग्लोबस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री सिद्धार्थ चतुर्वेदी, संचालक खेल एवं युवक कल्याण विभाग श्री रवि गुप्ता, पूर्व ओलंपियन एवं अर्जुन अवार्डी श्री अशोक ध्यानचंद, रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलपति श्री रजनीकांत, ओलंपियन एवं हॉकी के क्षेत्र में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित श्री विवेक सागर प्रसाद एवं अन्य गणमान्य नागरिक, देशभर से आाई हॉकी टीमों के  खिलाड़ी, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।

 

विस/जसं/24

                                                                                                                         नरेंद्र मिश्रा

                                                                                                                        अवर सचिव